पूर्वोत्तर में बारिश और लैंडस्लाइड का कहर: सिक्किम में आर्मी कैंप पर पहाड़ी दरकी, 3 जवानों की मौत, 6 लापता; 4 दिन में 37 लोगों की जान गई

You are currently viewing पूर्वोत्तर में बारिश और लैंडस्लाइड का कहर: सिक्किम में आर्मी कैंप पर पहाड़ी दरकी, 3 जवानों की मौत, 6 लापता; 4 दिन में 37 लोगों की जान गई

जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:

देश के उत्तर-पूर्वी राज्यों में प्रकृति का प्रचंड प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। सिक्किम से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां रविवार शाम करीब 7 बजे भारी बारिश के बाद एक मिलिट्री कैंप भूस्खलन (लैंडस्लाइड) की चपेट में आ गया। इस हादसे में 3 जवानों की मौत हो गई है, जिनके शव बरामद कर लिए गए हैं। 6 जवान अब भी लापता हैं और उन्हें खोजने के लिए सर्च ऑपरेशन युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है।

घटना की जानकारी सेना ने सोमवार को जारी बयान में दी। न्यूज एजेंसी PTI के अनुसार, सेना के एक वरिष्ठ रक्षा अधिकारी ने बताया कि चार जवानों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिन्हें हल्की चोटें आई हैं। सिक्किम के कई हिस्सों में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है, और सेना के जवान भी इसकी चपेट में आ गए हैं।

केवल सिक्किम ही नहीं, बल्कि असम, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम और मेघालय जैसे पूर्वोत्तर राज्यों में भी भारी तबाही का मंजर देखने को मिल रहा है। बीते चार दिनों में बारिश और भूस्खलन से कम से कम 37 लोगों की जान जा चुकी है। असम में 10, अरुणाचल प्रदेश में 9, मिजोरम में 5, और मेघालय में 6 लोगों की मौत हुई है। इन राज्यों में हालात इतने गंभीर हैं कि भारतीय सेना, एयरफोर्स और असम राइफल्स को राहत और बचाव कार्यों में लगाया गया है।

असम की हालत सबसे ज्यादा खराब बताई जा रही है, जहां 3.64 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। ब्रह्मपुत्र और बराक समेत 10 प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। मणिपुर में 19,000 से अधिक लोग बाढ़ की चपेट में हैं और 3,365 घर पूरी तरह या आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। वहीं, त्रिपुरा में 10 हजार से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हैं।

मिजोरम की राजधानी आइजोल में हालात इतने खराब हैं कि 2 जून को सभी स्कूल बंद करने का आदेश जारी किया गया है। पिछले 4 दिनों में लैंडस्लाइड की 211 घटनाएं दर्ज की गई हैं। इसके अलावा सिक्किम के लाचेन और लाचुंग जैसे पर्यटन स्थलों पर भी संकट खड़ा हो गया था, जहां 30 मई से फंसे हुए 1000 से ज्यादा टूरिस्टों को आज बचाव अभियान चलाकर सुरक्षित बाहर निकाला गया है।

इस भयंकर आपदा के बीच राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। राजस्थान के 30 जिलों और मध्य प्रदेश के 50 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, बिहार के वैशाली जिले में रविवार शाम तेज आंधी और बारिश के चलते एक घर गिरने से 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई। बिहार के 9 जिलों में तेज आंधी और बारिश की चेतावनी दी गई है।

Leave a Reply