भोपाल में ऐतिहासिक महिला सम्मेलन की तैयारी: पीएम मोदी 31 मई को करेंगें मातृशक्ति से संवाद, रानी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर होगा आयोजन; तैयारियों में जुटी बीजेपी!

You are currently viewing भोपाल में ऐतिहासिक महिला सम्मेलन की तैयारी: पीएम मोदी 31 मई को करेंगें मातृशक्ति से संवाद, रानी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर होगा आयोजन; तैयारियों में जुटी बीजेपी!

जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:

भोपाल के जंबूरी मैदान में 31 मई को एक ऐतिहासिक क्षण साक्षी बनेगा, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिला शक्ति को संबोधित करने के लिए मध्यप्रदेश की राजधानी में उपस्थित रहेंगे। यह दौरा खास इसलिए भी है क्योंकि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की प्रचंड सफलता के बाद प्रधानमंत्री पहली बार मप्र की धरती पर कदम रखेंगे। यह सम्मेलन पुण्यश्लोक देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है और इसकी पूरी जिम्मेदारी केवल महिलाओं को सौंपी गई है — एक तरह से यह नारी सशक्तिकरण और आत्मनिर्भर भारत की थीम को जीवंत करता सम्मेलन होगा।

इस आयोजन की खास बात यह है कि इसकी संपूर्ण व्यवस्था महिलाएं ही संभालेंगी। भाजपा की ओर से भोपाल के 31 मंडलों से 35-35 महिला कार्यकर्ताओं की सूची तैयार करवाई जा रही है। इन कार्यकर्ताओं में बूथ स्तर की महिलाएं, मंडल पदाधिकारी, पार्षद और स्वरोजगार में सक्रिय बहनें शामिल हैं। मंच, ट्रैफिक, भोजन, बैठक, स्वागत, पेयजल और पास वितरण जैसी जिम्मेदारियों की कमान इन्हीं महिलाओं को सौंपी गई है। कार्यक्रम में दो लाख से अधिक महिलाएं शामिल होंगी — इनमें स्व सहायता समूहों और स्वरोजगार में अग्रणी बहनों को विशेष रूप से बुलाया जा रहा है।

सम्मेलन का मुख्य विषय देवी अहिल्याबाई होल्कर की स्वावलंबी भारत की परिकल्पना से प्रेरित है। जिस तरह अहिल्याबाई ने अपने शासनकाल में महिला सशक्तिकरण, धार्मिक स्थलों के पुनर्निर्माण और सामाजिक न्याय की मिसाल कायम की, ठीक उसी आधार पर यह सम्मेलन विकसित भारत के नए आत्मनिर्भर स्वरूप की रूपरेखा रखेगा। यहां प्रधानमंत्री मोदी मध्यप्रदेश की मातृशक्ति से सीधे संवाद करेंगे और उन्हें आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में भागीदार बनने की प्रेरणा देंगे।

प्रधानमंत्री के इस ऐतिहासिक दौरे को लेकर प्रदेश भाजपा कार्यालय में बैठक का आयोजन किया गया। इसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, प्रदेश प्रभारी डॉ महेंद्र सिंह, मंत्री विश्वास सारंग, विधायक भगवान दास सबनानी, मेयर मालती राय और अन्य पदाधिकारी शामिल हुए। सभी ने कार्यक्रम की भव्यता सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदारियों का बंटवारा किया और महिलाओं को सशक्त रूप से नेतृत्व में लाने की रणनीति पर चर्चा की।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने साफ कहा कि “यह केवल प्रधानमंत्री का दौरा नहीं, बल्कि मप्र की करोड़ों बहनों के सम्मान का दिन है। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद यह सम्मेलन संदेश देगा कि भाजपा सरकार और प्रधानमंत्री मोदी महिलाओं को राष्ट्र निर्माण का आधार मानते हैं।” उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में सभी विभागों की विस्तार से बैठकें होंगी और पूरे सम्मेलन को एक मिशन के तौर पर लिया जाएगा।

Leave a Reply