राम मंदिर में राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा: राम दरबार में विराजे श्रीराम-सिया सहित लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और हनुमान, भव्य आयोजन में सीएम योगी हुए शामिल!

You are currently viewing राम मंदिर में राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा: राम दरबार में विराजे श्रीराम-सिया सहित लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और हनुमान, भव्य आयोजन में सीएम योगी हुए शामिल!

जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:

अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में आज एक और ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया, जब भव्य राम दरबार की अभिजीत मुहूर्त में प्राण प्रतिष्ठा विधिवत रूप से सम्पन्न की गई। गर्भगृह के ठीक ऊपर फर्स्ट फ्लोर पर स्थापित इस राम दरबार में भगवान श्रीराम अब बाल स्वरूप के साथ-साथ राजा स्वरूप में भी श्रद्धालुओं को दर्शन देंगे। सुबह 11:25 बजे से 11:40 बजे तक चले इस शुभ आयोजन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वयं उपस्थित होकर पूजन और प्राण प्रतिष्ठा में भाग लिया।

प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में काशी से आए प्रमुख पुरोहित जय प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में 101 विद्वान पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और हनुमानजी की मूर्तियों में प्राण प्रतिष्ठित किए। मंत्रोच्चार के बाद परंपरा के अनुसार मूर्तियों की आंखों पर बंधी पट्टियां खोली गईं और उन्हें आईना दिखाया गया, जो कि इस विधि का सबसे भावनात्मक और दिव्य क्षण होता है।

राम दरबार की सभी मूर्तियां जयपुर के कलाकारों द्वारा मकराना के शुद्ध सफेद संगमरमर से तैयार की गई हैं। सिंहासन पर भगवान श्रीराम और माता सीता विराजमान हैं, वहीं भरत और हनुमान भगवान श्रीराम के चरणों में बैठे हुए हैं। सभी भाइयों के हाथों में धनुष-बाण हैं, जिससे रामायण काल की भव्य छवि सजीव प्रतीत होती है।

इस अलौकिक राम दरबार को सजाने में भी कोई कसर नहीं छोड़ी गई है। सूरत के कारोबारी मुकेश पटेल ने दरबार के लिए भारी मात्रा में हीरे, सोना और चांदी के आभूषण दान दिए। विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष दिनेश नेवादिया ने बताया कि दान किए गए आभूषणों में 1000 कैरेट हीरे, 30 किलो चांदी, 300 ग्राम सोना, और 300 कैरेट रूबी शामिल हैं। इनसे 11 भव्य मुकुट, हार, कुंडल, तिलक और धनुष-बाण बनाए गए हैं। ये सभी आभूषण चार्टर्ड प्लेन से अयोध्या लाए गए और राम मंदिर ट्रस्ट को औपचारिक रूप से दान किए गए।

इसके साथ ही, मंदिर के ग्राउंड फ्लोर पर बने परकोटे के छह मंदिरों में भी आज प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हुई। इनमें भगवान शिव, श्रीगणेश, हनुमान, सूर्यदेव, मां भगवती और मां अन्नपूर्णा की दिव्य मूर्तियों को वैदिक विधि से प्रतिष्ठित किया गया। यह आयोजन भी राम मंदिर की वास्तुकला और धार्मिक महत्व को और विस्तृत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

जहां बीते वर्ष 22 जनवरी 2024 को रामलला की भव्य प्राण प्रतिष्ठा देशभर के करोड़ों श्रद्धालुओं ने देखी थी, वहीं आज के आयोजन में करीब 350 आमंत्रित अतिथियों की उपस्थिति रही। इनमें मुख्य रूप से राम मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारी, प्रमुख संत-समाज के सदस्य और पुजारी शामिल थे।

राम दरबार के दर्शन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है, लेकिन ट्रस्ट की ओर से अभी यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि आमजन के लिए दर्शन कब से शुरू होंगे। हालांकि, जिस तरह रामलला के दर्शन को लेकर व्यापक व्यवस्था बनाई गई थी, उसी तरह राम दरबार के लिए भी विशेष इंतज़ाम होने की संभावना है।

Leave a Reply