जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:
कांग्रेस ने विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के विजयपुर विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार करने पर सवाल उठाए हैं। जिसके बाद पार्टी ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुखवीर सिंह को शिकायत कर दी। पार्टी ने शिकायत में बताया कि विधानसभा अध्यक्ष का पद संवैधानिक है और किसी एक पार्टी के लिए प्रचार करना सही नहीं है।
कांग्रेस के प्रदेश चुनाव कार्य प्रभारी जेपी धनोपिया ने एक शिकायत में कहा है कि प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर एक संवैधानिक पद पर हैं। वे विधानसभा में किसी विशेष राजनीतिक दल के नेता नहीं हैं और इसीलिए उन्हें न्यूट्रल रहकर विधानसभा का संचालन करना चाहिए। बता दें, भारतीय जनता पार्टी द्वारा विजयपुर एवं बुधनी विधानसभा उपचुनाव के लिए 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की गई थी और यही कारण था कि तोमर का नाम इसमें शामिल नहीं किया गया है। वहीं, कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से अनुरोध किया है कि विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर को भाजपा के पक्ष में चुनाव प्रचार करने से रोका जाए। यदि विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव प्रचार करना मना नहीं है, तो आयोग को इस पर स्पष्टता देनी चाहिए।
इसके अलावा, कांग्रेस ने विजयपुर में BLO को बीजेपी प्रत्याशी का रिश्तेदार बताते हुए हटाने की भी मांग की है। साथ ही कांग्रेस ने विजयपुर में संवेदनशील मतदान केंद्रों पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल तैनात करने एवं मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की भी मांग की है।