जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:
बुरहानपुर में गणेशोत्सव की तैयारियों के बीच एक बड़ा हादसा हो गया। शनिवार देर रात लालबाग रोड पर 12 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा को ले जाते समय सड़क पर बने गड्ढों के कारण प्रतिमा अचानक गिर गई। प्रतिमा की चपेट में आने से 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य साथी बेहोश होकर गिर पड़ा। हादसे ने शहर की सड़कों की खस्ताहालत को लेकर प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हादसा कैसे हुआ?
जानकारी के अनुसार घटना रात करीब 9 बजे तुलसी मॉल के पास हुई। खंडवा निवासी शशांक जोशी (26) हाटकेश्वर गणेश मंडल के सदस्यों के साथ बुरहानपुर आए थे। मंडल के लोग प्रतिमा सम्राट मौर्य आर्ट, लालबाग से गणेश प्रतिमा लेकर नाई आवार, खंडवा की ओर रवाना हो रहे थे। जैसे ही जुलूस तुलसी मॉल के पास पहुंचा, सड़क के गड्ढों की वजह से संतुलन बिगड़ा और 12 फीट ऊंची प्रतिमा नीचे गिर गई। इस दौरान शशांक प्रतिमा के पास चल रहे थे और उसके नीचे दब गए।
उन्हें तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद शशांक के साथ आया एक अन्य युवक भी सदमे से बेहोश हो गया। उसे भी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अस्पताल में उमड़ी भीड़
प्रतिमा गिरने की खबर शहर में तेजी से फैल गई। बड़ी संख्या में लोग और जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंच गए। हालात को देखते हुए एएसपी अंतर सिंह कनेश, एडीएम वीर सिंह चौहान और सीएसपी गौरव पाटिल मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। अधिकारियों ने परिजनों व लोगों से चर्चा की और शांति बनाए रखने की अपील की।
हादसे के बाद शहर की सड़कों की खराब हालत को लेकर आक्रोश भी सामने आया। हिंदू महासभा प्रवक्ता ओम आजाद ने प्रशासन को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि शहर में जगह-जगह गड्ढों की वजह से हादसे हो रहे हैं। कांग्रेस नेता अजय सिंह रघुवंशी ने भी कहा कि पूरे शहर की सड़कें खस्ताहाल हैं और तत्काल मरम्मत की आवश्यकता है। उनका कहना था कि शशांक साइड से चल रहा था, इस वजह से अन्य लोग बच गए, लेकिन यह हादसा शहर के गड्ढों का नतीजा है।
दो दिन पहले भी हुआ था हादसा
यह कोई पहला मामला नहीं है। दो दिन पहले ही इच्छापुर रोड पर खराब सड़क के कारण गणेश प्रतिमा गिर गई थी। इसके बाद प्रशासन ने कुछ जगहों पर पेचवर्क शुरू किया था। शनिवार को भी सिंधी बस्ती इलाके में सड़क की मरम्मत का काम किया गया था और शाम को कलेक्टर ने शांति समिति की बैठक में अधिकारियों को सड़कों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए थे। बावजूद इसके रात में यह दुखद हादसा हो गया।
त्योहार से पहले चिंता बढ़ी
गणेशोत्सव की शुरुआत से पहले इस घटना ने प्रशासन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहरभर में गणेश मंडल बड़ी-बड़ी प्रतिमाएं स्थापित करने जा रहे हैं और आने वाले दिनों में इनका विसर्जन भी होना है। ऐसे में यदि सड़कों की स्थिति नहीं सुधारी गई तो और भी हादसों का खतरा बना रहेगा।