जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:
क्रिकेट प्रेमियों के लिए आज का मुकाबला किसी महायुद्ध से कम नहीं होगा! इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 के 12वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस (MI) अपने घरेलू मैदान वानखेड़े स्टेडियम में डिफेंडिंग चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से भिड़ने को तैयार है। रविवार शाम 7:30 बजे जब मुकाबला शुरू होगा, तो स्टेडियम में दर्शकों की गूंज और टीवी स्क्रीन के सामने बैठे करोड़ों फैंस के दिलों की धड़कनें तेज हो जाएंगी।
मुंबई इंडियंस इस सीजन अब तक एक भी जीत हासिल नहीं कर पाई है। पहले मैच में चेन्नई सुपर किंग्स के हाथों हार, और फिर गुजरात टाइटंस ने भी MI की उम्मीदों को झटका दिया। ऐसे में कप्तान हार्दिक पांड्या पर भारी दबाव होगा कि वे अपनी टीम को पहली जीत दिलाएं। दूसरी ओर, कोलकाता नाइट राइडर्स को भी पहले मैच में हार मिली थी, लेकिन राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ जोरदार जीत से टीम का आत्मविश्वास बढ़ा है।
अगर IPL इतिहास की बात करें, तो मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच अब तक कुल 34 मैच खेले गए हैं, जिनमें से 23 बार बाज़ी मुंबई ने मारी है, जबकि सिर्फ 11 मैच कोलकाता के नाम रहे हैं। खासकर वानखेड़े में तो मुंबई का जलवा कायम रहा है—यहां खेले गए 11 मुकाबलों में से 9 बार मुंबई ने जीत हासिल की है, जबकि KKR सिर्फ 2 बार सफल रही है।
बता दें, वानखेड़े की पिच हमेशा से बल्लेबाजों के लिए मददगार रही है, लेकिन यहां तेज गेंदबाजों को भी शुरुआती ओवरों में स्विंग मिलती है। अब तक IPL में इस मैदान पर 116 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से 54 मैच पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम और 62 मैच चेज करने वाली टीम ने जीते हैं। मौसम की बात करें, तो मुंबई में तेज गर्मी है। तापमान 26 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, और बारिश की कोई संभावना नहीं है।
इसी के साथ अब देखना होगा क्या मुंबई इंडियंस पहली जीत दर्ज कर पाएगी? या फिर कोलकाता अपनी जीत की लय बरकरार रखेगी?