दिल्ली में शनिवार को भी यमुना नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। मॉनेस्ट्री मार्केट, यमुना बाजार, वासुदेव घाट, निगम बोध घाट, मयूर विहार और कश्मीरी गेट समेत शहर के कई हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात हैं। शुक्रवार को सिविल लाइंस के स्वामीनारायण मंदिर परिसर में 5 फीट तक पानी भर गया था।
उत्तर प्रदेश के मथुरा में 20 से ज्यादा कॉलोनियों में यमुना का पानी घुस गया है। आगरा में ताज महल की बाउंड्री तक यमुना का पानी पहुंच गया है। इसके पीछे बना पार्क डूब गया है। शुक्रवार को शहर में तेज बारिश से 50 से ज्यादा सड़कों पर 4 फीट तक पानी भर गया। इससे बाइक-कार डूब गईं।
उत्तराखंड में शनिवार से चार धाम यात्रा फिर से शुरू हो गई है। सरकार ने खराब मौसम और लगातार बारिश के कारण 1 से 5 सितंबर के बीच यात्रा रोकी दी थी। आज से चारधाम यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन भी शुरू किया गया है।