31 मई को भोपाल में होगा महिला शक्ति का महासम्मेलन, पीएम मोदी करेंगे उद्बोधन; देवी अहिल्या बाई की 300वीं जयंती के पर 20 से 31 मई तक होंगे सांस्कृतिक और साहित्यिक कार्यक्रम!

You are currently viewing 31 मई को भोपाल में होगा महिला शक्ति का महासम्मेलन, पीएम मोदी करेंगे उद्बोधन; देवी अहिल्या बाई की 300वीं जयंती के पर 20 से 31 मई तक होंगे सांस्कृतिक और साहित्यिक कार्यक्रम!

जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लोकमाता देवी अहिल्या बाई होल्कर के जीवन को समाज, संस्कृति और राष्ट्र के लिए एक अमूल्य विरासत बताया है। उन्होंने कहा कि अहिल्या बाई होल्कर का व्यक्तित्व और कृतित्व भारतीय इतिहास की एक अनमोल निधि है, जो न्याय, शिक्षा, समाज कल्याण, धर्म कल्याण, जल संरक्षण और संवर्धन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में प्रेरणा का स्रोत है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री ने इंदौर के राजवाड़ा में मंत्रि-परिषद की बैठक आयोजित कर लोकमाता अहिल्या की स्मृति को समर्पित किया। बैठक में मालवा क्षेत्र के गौरवशाली इतिहास और उसके महान व्यक्तित्वों जैसे मल्हार राव होल्कर, लोकमाता अहिल्या बाई होल्कर और बाजीराव का स्मरण करते हुए उनकी महत्ता को रेखांकित किया गया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विरासत से विकास की ओर” के नारे को उद्धृत करते हुए कहा कि विरासत के संरक्षण के साथ-साथ विकास को भी प्रमुखता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि मंत्रि-परिषद की पहली बैठक जबलपुर में रानी दुर्गावती की स्मृति में हुई थी, जबकि अगली बैठक पचमढ़ी में जनजातीय राजा भभूत सिंह की स्मृति में आयोजित की जाएगी।

डॉ. मोहन यादव ने कृषि क्षेत्र में मध्यप्रदेश की अग्रणी भूमिका पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के कल्याण के लिए कटिबद्ध है और कृषि से जुड़े उद्योगों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नरसिंहपुर में 26 से 28 मई तक कृषि-उद्योग समागम का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ मुख्य अतिथि रहेंगे। इसके साथ ही प्रदेश सरकार किसानों तक नवीनतम तकनीक पहुंचाने, खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों को विकसित करने और किसानों को उनके उत्पाद का उचित मूल्य दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। मुख्यमंत्री ने बताया कि भोपाल में 31 मई को प्रधानमंत्री मोदी के मुख्य आतिथ्य में महिला सशक्तिकरण महा सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रदेश के दो लाख से अधिक महिलाएं भाग लेंगी। यह सम्मेलन लोकमाता अहिल्या बाई होल्कर की 300वीं जयंती के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है, जो महिला उद्यमियों, स्व-सहायता समूहों और कामगार महिलाओं के सशक्तिकरण का प्रतीक होगा। इस सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी इंदौर मेट्रो का लोकार्पण और सतना तथा दतिया एयरपोर्ट का वर्चुअल लोकार्पण भी करेंगे।

लोकमाता अहिल्या बाई होल्कर की 300वीं जयंती के उपलक्ष्य में 20 मई से 31 मई तक प्रदेश के विभिन्न शहरों में भव्य सांस्कृतिक, साहित्यिक और नाट्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें उज्जैन के कालिदास संस्कृत अकादमी में “अहिल्याकथान संनादति” नामक नाटक का मंचन, महिदपुर में महिला कवि सम्मेलन, इंदौर में एकल कविता पाठ और सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा लता मंगेशकर ऑडिटोरियम में नाटक “शिवयोगिनी अहिल्या” का प्रदर्शन शामिल है। अंत में 31 मई को राजवाड़ा परिसर में देवी अहिल्या की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम के माध्यम से इस ऐतिहासिक आयोजन का समापन किया जाएगा। यह आयोजन लोकमाता की विरासत को सम्मानित करने और उनकी उपलब्धियों को यादगार बनाने का प्रयास है।

मंत्री-परिषद की बैठक में प्रधानमंत्री मोदी की राहवीर योजना को प्रदेश में लागू करने के लिए भी धन्यवाद व्यक्त किया गया। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस योजना के तहत यदि कोई व्यक्ति सड़क दुर्घटना में घायल किसी को 1 घंटे के अंदर अस्पताल पहुंचाता है और उसकी जान बचती है, तो उसे 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इससे पहले यह राशि 5 हजार रुपये थी। साथ ही इस योजना के क्रियान्वयन के लिए जिला कलेक्टर को आदेश दिए गए हैं ताकि चोटिल व्यक्ति को सीधे अस्पताल ले जाने वाले नागरिकों को उचित सम्मान और सहायता मिल सके।

मंत्री-परिषद के सदस्यों ने इस वर्ष प्रदेश के 9 लाख किसानों से लगभग 78 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव का धन्यवाद किया, जो पिछले वर्ष से 62 प्रतिशत अधिक है। इस खरीद के लिए लगभग 20 हजार करोड़ रुपये किसानों को भुगतान किए गए हैं, जिनमें से करीब 1 लाख 25 हजार महिला किसान भी शामिल हैं। मंत्रि-परिषद के सदस्यों ने परंपरागत धोती पहनकर बैठक में भाग लिया और उन्हें नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट और महापौर पुष्यमित्र भार्गव द्वारा अंगवस्त्रम् ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने लोकमाता अहिल्या बाई होल्कर स्मारक के निर्माण संबंधी विस्तृत प्रेजेंटेशन दिया। यह स्मारक इंदौर के लालबाग पैलेस में लगभग 3 एकड़ क्षेत्र में 100 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा, जिसमें लोकमाता के जीवन, आदर्शों और योगदानों को बड़े पैमाने पर प्रदर्शित किया जाएगा। इस प्रकार यह स्मारक मध्यप्रदेश की समृद्ध विरासत और लोकमाता अहिल्या के प्रति सम्मान का प्रतीक बनेगा।

Leave a Reply