जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:
आज दिल्ली स्थित मध्य प्रदेश भवन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर ‘मध्यप्रदेश उत्सव’ की शुरुआत की। साथ ही मप्र भवन में पुरातत्व विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का भी सीएम ने अवलोकन किया।
बता दें, 30 अगस्त से 2 सितंबर के बीच आयोजित होने वाले इस उत्सव में प्रदेश की समृद्ध कला, पर्यटन, सांस्कृतिक विरासत, जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों का प्रदर्शन होगा। वहीं, ‘मध्यप्रदेश उत्सव’ में प्रदेश के विभिन्न अंचलों विंध्य, मालवा, महाकौशल और बुंदेलखंड के विशिष्ट व्यंजन परोसे जाएंगे।
बता दें, इस चार-दिवसीय उत्सव में प्रतिदिन सांस्कृतिक संध्या का आयोजन भी किया जाएगा। इस दौरान CM ने कहा – मप्र भवन में आज मप्र उत्सव का शुभारंभ हुआ है। चार दिनों तक मप्र में पर्यटन, व्यंजन, हस्तशिल्प कला, इतिहास, संस्कृति की जानकारी देने के लिए इस उत्सव का आयोजन किया गया है। मप्र अपनी सांस्कृतिक, पर्यटन, इतिहास और अलग-अलग अंचल के रहवास की दृष्टि से अद्भुत और आनंददायी प्रदेश है। देश के लोग इसे जानें, इसलिए देश की राजधानी में इस उत्सव का आयोजन किया गया है। इसी के साथ उन्होंने ‘मध्यप्रदेश उत्सव’ के लिए सभी को आमंत्रित किया है।
CM ने अपने X हैंडल पर लिखा – “आज मध्यप्रदेश भवन, दिल्ली में आयोजित ‘मध्यप्रदेश उत्सव’ का दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया। मध्यप्रदेश की कला, संस्कृति, व्यंजन और पुरातत्व को दर्शाती प्रदर्शनी में लोक रंग की झलक देख प्रसन्नता हुई।”