मध्यप्रदेश कांग्रेस ने घोषित किए 71 जिला अध्यक्ष, 6 विधायक और 11 पूर्व विधायकों को मिली कमान; लिस्ट में महिलाओं की संख्या बेहद कम, जीतू पटवारी ने दी बधाई!

You are currently viewing मध्यप्रदेश कांग्रेस ने घोषित किए 71 जिला अध्यक्ष, 6 विधायक और 11 पूर्व विधायकों को मिली कमान; लिस्ट में महिलाओं की संख्या बेहद कम, जीतू पटवारी ने दी बधाई!

जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:

मध्यप्रदेश कांग्रेस ने लंबे इंतजार के बाद शनिवार को 71 जिलों के अध्यक्षों की सूची जारी कर दी। इस लिस्ट में कई नए चेहरे शामिल किए गए हैं, वहीं कुछ पुराने नेताओं पर भी भरोसा जताया गया है। खास बात यह है कि संगठन की कमान इस बार छह वर्तमान विधायकों और ग्यारह पूर्व विधायकों को सौंपी गई है।

इंदौर और भोपाल में कौन संभालेगा जिम्मेदारी?

इंदौर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी चिंटू चौकसे को दी गई है, जबकि इंदौर ग्रामीण की कमान विपिन वानखेड़े को सौंपी गई है। राजधानी भोपाल में भी बड़े बदलाव नहीं किए गए हैं। भोपाल शहर कांग्रेस के अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना और भोपाल ग्रामीण की अध्यक्ष अनोखी मानसिंह पटेल को दोबारा मौका दिया गया है।

जयवर्धन सिंह को गुना की कमान

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के बेटे और राघौगढ़ से कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह को गुना जिला कांग्रेस अध्यक्ष बनाया गया है। उज्जैन शहर की जिम्मेदारी मुकेश भाटी को मिली है, वहीं उज्जैन ग्रामीण में महेश परमार को अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

महिलाओं की संख्या बेहद कम

71 जिला अध्यक्षों की लिस्ट में केवल 4 महिलाओं को जिम्मेदारी दी गई है। इससे संगठन में महिला प्रतिनिधित्व को लेकर सवाल भी उठने लगे हैं। हालांकि, कांग्रेस नेतृत्व का कहना है कि चयन संतुलन और योग्यता को ध्यान में रखकर किया गया है।

15 ऐसे नेता बने जिला अध्यक्ष जिन्होंने आवेदन ही नहीं किया था

कांग्रेस ने जिला अध्यक्षों के चयन के लिए राष्ट्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किए थे। ये ऑब्जर्वर्स जिलों में जाकर कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं से रायशुमारी करके नामों का चयन कर रहे थे। दिलचस्प बात यह रही कि घोषित सूची में 15 ऐसे नेताओं को जिला अध्यक्ष बनाया गया है, जिन्होंने न तो आवेदन किया था और न ही खुद दावेदारी जताई थी। वरिष्ठ नेताओं से चर्चा और ऑब्जर्वर्स की रिपोर्ट के आधार पर उनके नामों को अंतिम रूप दिया गया।

18 नेताओं को दोबारा मौका

लंबी चर्चा और समीक्षा के बाद कांग्रेस ने अपने 18 पुराने जिला अध्यक्षों पर भरोसा कायम रखा है। इनमें बड़वानी से नानेश चौधरी, खरगोन से रवि नाइक, झाबुआ से प्रकाश रांका, शाजापुर से नरेश्वर प्रताप सिंह, विदिशा से मोहित रघुवंशी, सीहोर से राजीव गुजराती, छिंदवाड़ा से विश्वनाथ ओक्टे, जबलपुर शहर से सौरभ शर्मा, रीवा ग्रामीण से राजेंद्र शर्मा, टीकमगढ़ से नवीन साहू और मुरैना ग्रामीण से मधुराज तोमर समेत 18 जिलाध्यक्ष दोबारा चुने गए हैं।

बुरहानपुर में पहला इस्तीफा

सूची जारी होने के तुरंत बाद बुरहानपुर में कांग्रेस नेता हेमंत पाटिल ने सभी पदों से इस्तीफा देकर हलचल मचा दी। वे ग्रामीण जिलाध्यक्ष पद के दावेदार थे, लेकिन उन्हें मौका नहीं मिला। सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए पाटिल ने लिखा कि “मैं कार्यकर्ता हूं और कार्यकर्ता रहूंगा।” वे अब तक राजीव गांधी पंचायती राज संगठन जिला अध्यक्ष और जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता के पद पर थे।

जीतू पटवारी ने दी बधाई

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सभी नए जिलाध्यक्षों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि “कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व के मार्गदर्शन में संगठन सृजन अभियान पूर्ण हुआ है। अब हमें संगठन की जिम्मेदारियों को मजबूती से निभाना है और 2028 में कांग्रेस की सरकार बनाना है।” पटवारी ने उम्मीद जताई कि नए अध्यक्ष संगठन को मजबूत जमीन देंगे और कांग्रेस के विचारों को प्रदेश में नया विस्तार मिलेगा।

Leave a Reply