तीन देशों की यात्रा का आखिरी पड़ाव: क्रोएशिया पहुंचे पीएम मोदी, क्रोएशियाई राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से मुलाकात कर करेंगे चर्चा; क्रोएशिया की यात्रा पर जाने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने मोदी!

You are currently viewing तीन देशों की यात्रा का आखिरी पड़ाव: क्रोएशिया पहुंचे पीएम मोदी, क्रोएशियाई राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से मुलाकात कर करेंगे चर्चा; क्रोएशिया की यात्रा पर जाने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने मोदी!

जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी तीन देशों की पांच दिवसीय विदेश यात्रा के आखिरी पड़ाव में अब क्रोएशिया के लिए रवाना हो चुके हैं। यह दौरा ऐतिहासिक इसलिए है क्योंकि भारत के किसी भी प्रधानमंत्री की यह पहली क्रोएशिया यात्रा है, जो न केवल द्विपक्षीय संबंधों को एक नई ऊंचाई देगा बल्कि भारत की यूरोप नीति की दिशा भी स्पष्ट करता है।

प्रधानमंत्री मोदी बुधवार शाम क्रोएशिया की राजधानी ज़ाग्रेब पहुंचेंगे, जहां वे क्रोएशिया के प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेंकोविच से द्विपक्षीय वार्ता करेंगे और राष्ट्रपति जोरोन मिलानोविच से भी भेंट करेंगे। इस यात्रा को भारत और क्रोएशिया के बीच रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

यात्रा की व्यापकता सिर्फ द्विपक्षीय रिश्तों तक सीमित नहीं है – यह भारत की यूरोपीय संघ के साथ बढ़ती भागीदारी, आर्थिक सहयोग, और कूटनीतिक संतुलन की नीति को भी दर्शाती है, खासकर रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच भारत की ‘बैलेंस्ड डिप्लोमेसी’ के परिप्रेक्ष्य में।

पीएम मोदी की यात्रा के तीन अहम पड़ाव:

  1. साइप्रस (15-16 जून)
    इस यात्रा की शुरुआत पीएम मोदी ने साइप्रस से की थी, जहां उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस III‘ से नवाजा गया। यह सम्मान साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस ने प्रदान किया। पीएम मोदी ने इसे 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान बताया। साथ ही उन्होंने राष्ट्रपति को कश्मीरी रेशमी कालीन और प्रथम महिला को आंध्र प्रदेश में बना चांदी का कोटेट पर्स भेंट किया।

  2. कनाडा (17-18 जून)
    इसके बाद प्रधानमंत्री G7 समिट में भाग लेने कनाडा के कैलेगरी पहुंचे, जहां उन्होंने द्विपक्षीय मुलाकातें कीं और आउटरीच सेशन में भी हिस्सा लिया। हालांकि, निर्धारित समय से पहले राष्ट्रपति ट्रम्प के अमेरिका लौटने के कारण मोदी-ट्रम्प की सीधी मुलाकात नहीं हो सकी, जिसके बाद दोनों नेताओं के बीच 35 मिनट की फोन पर बातचीत हुई।

  3. क्रोएशिया (19-20 जून)
    तीसरा और आखिरी चरण है क्रोएशिया, जहां भारत के साथ आर्थिक, रक्षा, समुद्री, तकनीकी और सांस्कृतिक क्षेत्रों में समझौते की संभावना है। क्रोएशिया यूरोपीय संघ का सदस्य है और उसकी भौगोलिक स्थिति तथा बंदरगाह आधारित अर्थव्यवस्था भारत के लिए सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है।

क्रोएशिया: इतिहास, भूगोल और वैश्विक कनेक्शन

1991 में युगोस्लाविया से आज़ादी पाने वाला क्रोएशिया, एक खूबसूरत समुद्रतटीय देश है जिसने युद्ध और संघर्ष से निकलकर खुद को स्थिर लोकतंत्र में बदल लिया। चार वर्षों (1991-1995) तक चले क्रोएशिया युद्ध के बाद यह देश 1992 में संयुक्त राष्ट्र का सदस्य बना। अब यह EU और NATO का सक्रिय सदस्य है।

क्रोएशिया के 6 रोचक तथ्य:

  • दुनिया की पहली टाई (क्रावट) यहीं से आई, जिसे क्रोएशियाई सैनिक पहनते थे।

  • मशहूर सीरीज ‘Game of Thrones’ की शूटिंग क्रोएशिया के शहर डुब्रोवनिक में हुई थी।

  • यहां 1,200 से अधिक द्वीप हैं, जिनमें कुछ ही बसे हुए हैं।

  • 10+ यूनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज साइट्स, जैसे स्प्लिट और डिओक्लेशियन पैलेस।

  • निकोल टेस्ला का जन्म आज के क्रोएशिया में हुआ था।

  • दुनिया का सबसे छोटा शहर ‘हुम’ यहीं है, जिसकी आबादी मात्र 20-25 है।

पीएम मोदी की इस यात्रा के प्रमुख मायने:

  • पहली बार भारत-क्रोएशिया के बीच प्रधानमंत्री स्तर की सीधी वार्ता, जिससे रणनीतिक साझेदारी को मजबूती मिलेगी।

  • समुद्री और रक्षा सहयोग को लेकर नए द्वार खुलेंगे।

  • फार्मा, आईटी, स्टार्टअप, टूरिज़्म जैसे क्षेत्रों में भारत के निवेश को गति मिलेगी।

  • सांस्कृतिक सहयोग जैसे योग, आयुर्वेद और भारतीय डायस्पोरा के जरिए द्विपक्षीय संबंध और प्रगाढ़ होंगे।

  • वैश्विक मंचों जैसे जलवायु परिवर्तन, शांति वार्ता, और विकास मुद्दों पर सहयोग को दिशा मिलेगी।

Leave a Reply