जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:
मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है और गर्मी ने अभी से अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं के चलते प्रदेश के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच चुका है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, आने वाले दो-तीन दिनों में गर्मी और ज्यादा बढ़ने की संभावना है। होली का पर्व नजदीक है, ऐसे में हर कोई जानना चाहता है कि त्योहार के दिन मौसम का क्या हाल रहेगा।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम और जबलपुर संभाग सबसे ज्यादा गर्म रहे हैं। बीते 48 घंटों में बैतूल में 36.5°C, भोपाल में 37.1°C, धार में 39.1°C, गुना में 38.1°C, नर्मदापुरम में 39°C और जबलपुर में 35.2°C अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है। वहीं, न्यूनतम तापमान भी लगातार बढ़ रहा है। भोपाल में 17.1°C, धार में 22.3°C, नर्मदापुरम में 20.02°C, खंडवा में 21°C और उज्जैन में 16°C दर्ज किया गया।
होली पर कैसा रहेगा मौसम?
होली के दिन सुबह हल्की ठंडक का एहसास जरूर होगा, लेकिन दोपहर तक तापमान में बढ़ोतरी होगी। राजधानी भोपाल में होली पर गर्मी में इजाफा होने का ट्रेंड देखा गया है। पिछले 10 सालों में केवल तीन बार ऐसा हुआ जब होली के दिन थोड़ी ठंडक रही, बाकी सात बार अच्छी खासी गर्मी पड़ी है। हालांकि, इस बार मौसम थोड़ा संतुलित रहने की उम्मीद है।
क्यों बढ़ रही है गर्मी?
राजस्थान के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ है, जिससे वहां तापमान बढ़ गया है। यही गर्म हवाएं मध्य प्रदेश तक पहुंच रही हैं, जिसके चलते दिन और रात के तापमान में लगातार इजाफा हो रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, अगले 48 घंटों तक प्रदेश में गर्मी का यही हाल रहने वाला है और अधिकतम तापमान 37-40°C के आसपास बना रहेगा।