जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:
मध्यप्रदेश में एक बार फिर कोरोना का साया गहराता दिखाई दे रहा है। 15 जून, रविवार रात, जबलपुर मेडिकल कॉलेज में नारायणगंज (मंडला) निवासी 28 वर्षीय गर्भवती महिला की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। यह प्रदेश में इस साल की चौथी और महाकौशल अंचल की पहली कोरोना मौत है। महिला की मौत के बाद राज्य में साल 2025 में कोविड से मरने वालों की संख्या 4 तक पहुंच गई है।
जानकारी के अनुसार, महिला को डिलीवरी के लिए नारायणगंज से रेफर कर जबलपुर मेडिकल कॉलेज लाया गया था। भर्ती के समय उसे सर्दी और खांसी के लक्षण थे, जिसे देखकर डॉक्टरों ने तुरंत उसका कोविड टेस्ट कराया। रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बावजूद डॉक्टरों की टीम ने सतर्कता बरतते हुए उसकी सर्जरी की और महिला ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। हालांकि, सर्जरी के बाद उसे मेडिसिन वार्ड में शिफ्ट किया गया, जहां देर रात उसकी तबीयत बिगड़ी और उसकी मृत्यु हो गई। नवजात को अब मेडिकल कॉलेज के चाइल्ड वार्ड में रखा गया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय मिश्रा ने पुष्टि करते हुए कहा, “महिला की रिपोर्ट कोविड पॉजिटिव आई थी। जबलपुर में इस समय एक ही एक्टिव केस है, जबकि महाकौशल में यह इस सीजन की पहली मौत है।” उन्होंने बताया कि जिले में इस सीजन में अब तक केवल तीन कोविड केस सामने आए हैं, जिनमें से दो शहर के ही हैं।
2025 के आंकड़े – 200 केस, 4 मौतें
15 जून तक साल 2025 में प्रदेश में कुल 200 कोरोना संक्रमित मरीज दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें से 134 एक्टिव केस हैं और 62 मरीज ठीक होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। अब तक चार लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है।
⚠ पहले हुई तीन मौतें:
-
रतलाम: 52 वर्षीय महिला को टीबी, ब्रोंकाइटिस और हाई ब्लड प्रेशर जैसी गंभीर बीमारियां थीं। उनकी 11 जून को इंदौर में इलाज के दौरान मौत हुई।
-
खरगोन: 44 वर्षीय महिला, जिन्होंने हाल ही में एमटीएच अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया था। 6 जून को एमआरटीबी अस्पताल में उनकी मृत्यु हुई।
-
इंदौर: 74 वर्षीय बुजुर्ग महिला को किडनी संबंधी गंभीर बीमारी थी। 27 अप्रैल को अरबिंदो अस्पताल में उनका निधन हुआ।