जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के बेटे और पूर्व मंत्री दीपक जोशी ने फिर से भारतीय जनता पार्टी (BJP) में वापसी कर ली है। आज उन्होंने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में बुधनी विधानसभा क्षेत्र के नांदनेर में भाजपा की सदस्यता ली।
आपको याद दिला दें कि विधानसभा चुनाव से पहले दीपक जोशी कांग्रेस में शामिल हुए थे और खातेगांव सीट से चुनाव लड़ा था, जिसमें उन्हें करीब 12 हजार वोटों से हार का सामना करना पड़ा था। जोशी ने 6 मई 2023 को पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की उपस्थिति में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की थी। इस अवसर पर वे अपने पिता पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी की तस्वीर साथ लेकर पहुंचे थे। उस समय दीपक जोशी ने कहा था कि उन्होंने अपने पिता के सम्मान के लिए भाजपा छोड़ी है और कांग्रेस में शामिल होने का निर्णय लिया है।
वहीं, दीपक जोशी पहले भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में से थे और मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं, लेकिन कुछ नाराजगी के चलते उन्होंने पार्टी छोड़ने का फैसला किया था, जिसे अब उन्होंने बदलते हुए बीजेपी में वापसी कर ली है।
बता दें, पूर्व मंत्री दीपक जोशी ने 4 दिन पहले ही 3 नवंबर को बुधनी विधानसभा क्षेत्र में एक सभा को संबोधित किया था, जहाँ उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी राजकुमार पटेल के लिए वोट मांगे थे। इसके बाद अब 7 नवंबर को वे भाजपा में शामिल हो गए।