जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:
मनोरंजन जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। ‘कांटा लगा’ गर्ल के नाम से मशहूर एक्ट्रेस शेफाली जरीवाला का शुक्रवार को 42 साल की उम्र में निधन हो गया। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया था। हालांकि, पुलिस ने मौत के कारणों को लेकर अभी जांच शुरू कर दी है। शेफाली के पति पराग त्यागी समेत चार लोगों के बयान दर्ज किए गए हैं।
फोरेंसिक टीम भी शेफाली के घर पहुंची और वहां बारीकी से जांच कर सबूत जुटाए। बताया जा रहा है कि शेफाली का दो बार पोस्टमॉर्टम किया गया है, लेकिन रिपोर्ट अभी तक नहीं आई है। शेफाली का अंतिम संस्कार ओशिवारा श्मशान घाट पर किया गया, जहाँ इस दौरान उनकी मां पूरी तरह टूट चुकी थीं। उन्हें हिंदुस्तानी भाऊ ने संभाला। वहीं पति पराग त्यागी ने मीडिया से भावुक होकर कहा— ‘मजाक या ड्रामा मत करिएगा, मेरी परी के लिए प्रे करिएगा। वो जहां भी रहे, शांति से रहें।’
इसी बीच शेफाली जरीवाला का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो उस समय का है जब शेफाली बिग बॉस के घर में थीं। वीडियो में उनके साथी कंटेस्टेंट पारस छाबड़ा उनकी कुंडली पढ़ते नजर आते हैं। पारस कहते हैं—
“आपके 8वें भाव में चंद्र, बुध और केतु बैठे हुए हैं। चंद्र और केतु का कॉम्बिनेशन सबसे बुरा होता है। 8वां भाव नुकसान, अचानक मृत्यु, फेम, छुपे रहस्य और तांत्रिक चीजों से जुड़ा होता है। आपके लिए चंद्र और केतु का बुरा तो है ही और साथ में बैठा है बुध। यह चिंता और न्यूरोलॉजिकल समस्याओं को दर्शाता है।”
उस समय इस बातचीत को सभी ने मजाक और मनोरंजन के तौर पर लिया था। लेकिन आज शेफाली के अचानक निधन के बाद लोग इस वीडियो को जोड़कर सोशल मीडिया पर चर्चा कर रहे हैं और कई यूजर्स इसे एक ‘अलर्ट’ या ‘इशारा’ मान रहे हैं।
बता दें, शेफाली जरीवाला ने 2002 में आए सुपरहिट म्यूजिक वीडियो ‘कांटा लगा’ से जबरदस्त फेम पाई थी। इसके बाद उन्होंने कुछ फिल्मों और रियलिटी शोज में भी काम किया। ‘नच बलिए’ और ‘बिग बॉस 13’ में उनकी मौजूदगी ने फिर उन्हें चर्चा में ला दिया। शेफाली अपनी फिटनेस और डांस वीडियोज को लेकर भी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती थीं।
अब पुलिस जांच के घेरे में मौत की वजह
फिलहाल पुलिस इस मामले में हर एंगल से जांच कर रही है। कार्डियक अरेस्ट को अभी तक प्राथमिक वजह माना जा रहा है, लेकिन पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी। शेफाली की अचानक मौत ने उनके फैंस और फिल्म इंडस्ट्री को गहरा झटका दिया है। सोशल मीडिया पर फैंस #RIPShefali के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं और उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना कर रहे हैं।