जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता बुधवार सुबह उस समय हमले का शिकार हो गईं, जब वे अपने आवास पर जनसुनवाई कर रही थीं। इस घटना ने पूरे राजनीतिक गलियारे में हड़कंप मचा दिया है। आरोपी की पहचान गुजरात के राजकोट निवासी राजेशभाई खीमजीभाई सकरिया (41) के रूप में हुई है। दिल्ली पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया और अब उस पर हत्या की कोशिश (अटेम्प्ट टू मर्डर) का केस दर्ज किया गया है।
घटना कैसे हुई?
सुबह सीएम आवास पर रोजाना की तरह लोग शिकायतें लेकर आए थे। इसी दौरान आरोपी ने अचानक मुख्यमंत्री पर हमला कर दिया। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के अनुसार, आरोपी ने रेखा गुप्ता का हाथ पकड़कर खींचा, जिससे वे मेज के कोने से टकरा गईं और उनके सिर पर चोट लगी। हालांकि मीडिया में चल रही “थप्पड़” वाली खबरों को सचदेवा ने गलत बताया। हमले के तुरंत बाद मुख्यमंत्री को वहीं पर प्राथमिक उपचार दिया गया। मुख्य सचिव और कई मंत्री सीएम हाउस पहुंचकर उनका हालचाल लेने पहुंचे।
CCTV फुटेज में खुलासा
घटना के कुछ घंटे बाद एक CCTV वीडियो सामने आया, जिसमें आरोपी को 19 अगस्त को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के शालीमार बाग स्थित आवास की रेकी करते हुए देखा गया। दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा ने दावा किया कि आरोपी पिछले 24 घंटों से मुख्यमंत्री की गतिविधियों पर नजर रख रहा था और रात सिविल लाइंस इलाके में बिताई थी।
आरोपी कौन है?
राजेशभाई खीमजीभाई सकरिया गुजरात के राजकोट जिले के कोठारिया इलाके का रहने वाला है और रिक्शा चालक है। राजकोट पुलिस जब उसके घर पहुंची तो उसकी मां ने मीडिया से कहा— “मेरा बेटा पशु प्रेमी है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद दिल्ली में कुत्तों को पकड़ने की कार्रवाई हो रही है। वह इसी बात से परेशान था और इसी कारण दिल्ली गया था।”
प्रत्यक्षदर्शियों के बयान
घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने भी मीडिया से अपनी बात साझा की।
-
शैलेंद्र कुमार: “मैं उत्तम नगर से सीवर की शिकायत लेकर आया था। जैसे ही CM आवास के गेट पर पहुंचा, वहां अफरा-तफरी मच गई, क्योंकि किसी ने मुख्यमंत्री को थप्पड़ मारा।”
-
अंजली: “अगर कोई भी व्यक्ति आसानी से मुख्यमंत्री तक पहुंचकर थप्पड़ मार सकता है, तो यह गंभीर सुरक्षा चूक है। पुलिस तुरंत उसे पकड़कर ले गई।”
नेताओं की प्रतिक्रियाएँ
-
प्रवीण शंकर कपूर (BJP प्रवक्ता): आरोपी ने दस्तावेज देने के बहाने CM के करीब जाकर हमला करने की कोशिश की। यह किसी हताश राजनीतिक दल की साजिश हो सकती है।
-
देवेंद्र यादव (दिल्ली कांग्रेस प्रमुख): “यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। रेखा गुप्ता पूरी दिल्ली की मुख्यमंत्री हैं। महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में है।”
-
आतिशी (AAP नेता, विपक्ष की नेता): “लोकतंत्र में असहमति की जगह है, लेकिन हिंसा के लिए कोई जगह नहीं। उम्मीद है कि पुलिस आरोपी पर कड़ी कार्रवाई करेगी।”
-
रमेश बिधूड़ी (पूर्व BJP सांसद): “यह हमला एक सोची-समझी साजिश है। मुझे पूरा यकीन है कि जांच में सामने आएगा कि आरोपी विपक्ष से जुड़ा हुआ था।”
रेखा गुप्ता 20 फरवरी 2025 को दिल्ली की मुख्यमंत्री बनी थीं। उन्होंने विधानसभा चुनाव में AAP उम्मीदवार वंदना कुमारी को 29,595 वोटों से हराया था। गुप्ता लंबे समय से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़ी रही हैं। वे दिल्ली भाजपा की महासचिव और भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी रह चुकी हैं।