जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:
देश में एक बार फिर कोरोना वायरस के मामलों में अचानक तेज़ बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पिछले 21 दिनों में एक्टिव केसों की संख्या 93 से बढ़कर 5755 तक पहुंच गई है। यानी सिर्फ तीन हफ्तों में 62 गुना की वृद्धि हुई है, जो कि स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए एक गंभीर संकेत है। बीते 24 घंटे में 391 नए मामले दर्ज किए गए, जिनमें सबसे अधिक 229 केस केरल और गुजरात से सामने आए हैं। इसके साथ ही देश में कोरोना से अब तक 59 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें से 53 मौतें सिर्फ पिछले 16 दिनों में हुई हैं।
5 जून को दिल्ली में महज पांच महीने के एक शिशु की कोरोना से मौत ने सबको झकझोर कर रख दिया। वहीं महाराष्ट्र में इस साल अब तक 18 मरीजों की मौत हो चुकी है। कुल मामलों की बात करें तो जनवरी से 6 जून तक देश में कुल 11,298 कोविड केस सामने आए, जिनमें से 48.54% मरीज ठीक हो चुके हैं, और बाकी का इलाज जारी है। हालांकि मृत्यु दर अभी भी 0.52% है, लेकिन अचानक बढ़ती मौतों ने चिंता बढ़ा दी है।
देश में नए वैरिएंट्स का डर
ICMR के डायरेक्टर डॉ. राजीव बहल के अनुसार, देश में कोविड के चार नए वैरिएंट्स LF.7, XFG, JN.1 और NB.1.8.1 मिले हैं। इनमें से JN.1 सबसे कॉमन वैरिएंट है और देश के 50% से ज्यादा संक्रमितों में इसी की पुष्टि हो रही है। यह वैरिएंट ओमिक्रॉन के BA.2.86 का स्ट्रेन है, जो बहुत तेजी से फैलता है और इम्यूनिटी को कमजोर करता है। WHO ने इसे ‘वैरिएंट ऑफ इंटरेस्ट’ की कैटेगरी में रखा है। NB.1.8.1 वैरिएंट में तीन बड़े म्यूटेशन्स (A435S, V445H, T478I) हैं, जो इसे अन्य वैरिएंट्स से ज्यादा खतरनाक और इम्यूनिटी को चकमा देने वाला बनाते हैं।
बच्चों पर बढ़ रहा खतरा
दिल्ली में पांच महीने के एक बच्चे की मौत और ओडिशा जैसे राज्यों में स्कूल खुलने के बाद बच्चों के लिए मास्क अनिवार्य कर दिया गया है। खांसी, सर्दी, बुखार जैसे लक्षण वाले बच्चों को स्कूल से दूर रहने की सलाह दी गई है। राज्य सरकारें अब कोविड गाइडलाइन के तहत स्कूल और अस्पतालों में आवश्यक कदम उठा रही हैं।
राज्यों की स्थिति और तैयारी:
-
केरल: अस्पतालों में सभी मरीजों और स्टाफ के लिए मास्क अनिवार्य। लक्षण वाले मरीजों का कोविड टेस्ट ज़रूरी।
-
महाराष्ट्र: अब तक 1064 पॉजिटिव केस, 13,707 टेस्ट किए गए, मृतकों में ज़्यादातर पहले से बीमार थे।
-
गुजरात: 508 एक्टिव केस, 490 होम आइसोलेशन में। सरकार ने लोगों से घबराने की बजाय सतर्क रहने की अपील की।
-
कर्नाटक: गुलबर्गा में 25 बेड का कोविड वार्ड सक्रिय, ICU और प्रेग्नेंट महिलाओं के लिए अलग व्यवस्था।
-
उत्तराखंड: ऑक्सीजन, दवाइयां और संक्रमण की रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश।
-
सिक्किम: 15 पॉजिटिव केस मिलने के बाद सभी अस्पतालों में मास्क और सैनिटाइजर जरूरी कर दिया गया है।
-
हिमाचल प्रदेश: सिरमौर जिले के नाहन में पहला केस मिलने के बाद सभी को मास्क पहनना अनिवार्य किया गया है।
JN.1 वैरिएंट के लक्षण हल्के बुखार, गले में खराश, खांसी, थकान और सांस लेने में दिक्कत हो सकते हैं। कुछ मामलों में लक्षण हफ्तों तक बने रहते हैं, जिसे “लॉन्ग कोविड” कहा जाता है। ऐसे में स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को मास्क पहनने, हाथ धोने, भीड़ से बचने और लक्षण दिखने पर तुरंत टेस्ट कराने की सलाह दी है।