जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया :
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को डिंडौरी और अनूपपुर जिले के प्रवास पर है। सीएम दोपहर को डिंडौरी पहुंचे, जहां पुलिस मैदान ग्राउंड में बने हेलीपैड पर स्थानिय नेताओं ने उनका स्वागत किया। जिसके बाद करीब 1:45 बजे स्थानीय चंद्रविजय कॉलेज स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचे। यहां उन्होंने सभा स्थल पर वाद्ययंत्र बजाया।
यहाँ उन्होंने 147 करोड़ 60 लाख की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन किया। इसी के साथ मुख्यमंत्री ने मंच से क्षेत्र के लिए कई बड़ी घोषणाएँ भी की।
बता दे की, सीएम डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य मे डिंडौरी ज़िले में लाड़ली बहनों के लिए “रक्षाबंधन और श्रावण उत्सव” कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मंच से घोषणा की कि आने वाले समय में गेहूं की तरह धान पर भी बोनस देगी। साथ ही कोदो कुटकी के लिए भी एमएसपी के माध्यम से रागी के बराबर ख़रीद की व्यवस्था करेगी। दूध खरीदी पर भी सरकार बोनस देगी।
इसी के साथ CM ने घोषणा की कि समनापुर को तहसील बनाया जाएगा। साथ ही गाड़ासरई उपतहसील बनाने की भी घोषणा की। इसी के साथ CM ने डिंडौरी में आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज खोलने की बात कही और कहा की विक्रमपुर में नया औद्योगिक केंद्र बनाया जाएगा। सीएम ने आगे कहा की नगर परिषद के लिए नया पक्का भवन बनेगा। सिंचाई के लिए डिंडौरी में नर्मदा नदी के किनारे पक्की नहर बनाई जाएगी। इसी के साथ और भी कई घोषणाएँ की। इस अवसर पर राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने एक पेड़ माँ के नाम अभियान अंतर्गत पीपल का पौधा रोपा एवं कृषि प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। वहीं रक्षाबंधन कार्यक्रम में बहनों ने सीएम को विशाल कंचन राखी भेंट की। इसी के साथ उनकी कलाई पर राखियाँ भी बांधी।