जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:
देश में वन नेशन वन इलेक्शन प्रस्ताव को केंद्रीय कैबिनेट ने बुधवार को मंजूरी दी। इस प्रस्ताव के तहत अब देश में विधानसभा और लोकसभा चुनाव साथ में होंगे। इसके बाद 100 दिन के भीतर दूसरे फेज में निकाय चुनाव साथ कराए जाएंगे।
वन नेशन वन इलेक्शन प्रस्ताव को केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रशंसा करते हुए X पर एक वीडियो पोस्ट जारी की। CM ने लिखा “आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में आज भारतीय लोकतंत्र ने One Nation-One Election की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बढ़ाया है। केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा One Nation-One Election को दी गई स्वीकृति का मैं समस्त मध्य प्रदेशवासियों की ओर से हार्दिक स्वागत करता हूं। इस पहल से न केवल भारतीय लोकतांत्रिक मूल्यों व आदर्शों को और अधिक मजबूती मिलेगी, बल्कि यह हमारी संसदीय प्रणाली में एक ऐतिहासिक सुधार भी साबित होगा। मुझे अत्यंत प्रसन्नता हो रही है कि आज के इस निर्णय के साथ भारतीय जनता पार्टी के संकल्प पत्र में की गई एक और महत्वपूर्ण घोषणा साकार होने जा रही है। इस ऐतिहासिक कदम के लिए प्रधानमंत्री जी का हृदय से आभार और सभी देशवासियों को बधाई!”
बता दें, वन नेशन-वन इलेक्शन का मतलब है कि भारत में लोकसभा और सभी राज्यों के विधानसभा चुनाव एक साथ कराए जाएं। साथ ही स्थानीय निकायों के चुनाव भी एक ही दिन या एक तय समय सीमा में कराए जाएं। यह कॉन्सेप्ट भारत के लिए नया नहीं है। देश में आजादी के बाद से 1967 तक लोकसभा और विधानसभा के चुनाव एक साथ कराए गए थे। 1952, 1957, 1962 और 1967 में दोनों चुनाव एक साथ हुए थे, लेकिन राज्यों के पुनर्गठन और अन्य कारणों से चुनाव अलग-अलग समय पर होने लगे।