जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज 60 वर्ष के हो गए। जन्मदिवस के इस पावन अवसर पर उन्होंने अपने दिन की शुरुआत गौ माता की सेवा और पूजा-अर्चना से की। गौशाला में गौ माता को चारा खिलाते हुए और उनका आशीर्वाद लेते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेश की उन्नति, सुख-समृद्धि और जनकल्याण की मंगलकामना की। डॉ. मोहन यादव ने कहा—“जन्मदिन की शुरुआत गौ मैया की सेवा और उनके आशीर्वाद से हो; इससे शुभ और क्या हो सकता है। गौ माता केवल हमारी संस्कृति की धरोहर ही नहीं, बल्कि धर्म, आस्था और समृद्धि की प्रतीक हैं। इनके आशीर्वाद से हम सबका जीवन मंगलमय हो, यही मेरी प्रार्थना है।”
मुख्यमंत्री के जन्मदिवस पर प्रदेशभर से शुभकामनाओं का तांता लगा रहा। सुबह से ही मंत्री, विधायक, भाजपा पदाधिकारी, संत समाज और आम नागरिक मुख्यमंत्री निवास पहुंचे और उन्हें बधाइयाँ दीं। प्रदेश के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, और ज्योतिरादित्य सिंधिया जैसे बड़े नेताओं ने भी ट्वीट कर मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएँ दीं। जन्मदिन के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सीएम हाउस में केक काटा। इस दौरान डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने भी उन्हें बधाई दी। इसके साथ ही, मुख्य सचिव अनुराग जैन, अपर मुख्य सचिव राजेश राजौरा और जे एन कंसोटिया सहित कई अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
बता दें, जब अधिकांश लोग अपने जन्मदिवस को बड़े उत्सवों और समारोहों के साथ मनाते हैं, तब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के गांधी नगर स्थित महात्मा गांधी कुष्ठ आश्रम में जाकर अपने जन्मदिवस को सेवा, समर्पण और करुणा का प्रतीक बना दिया। मुख्यमंत्री ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके विचारों को प्रणाम किया और उनके मार्ग पर चलने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस दौरान मुख्यमंत्री धोती-कुर्ता धारण किए हुए पूरी सादगी और विनम्रता के साथ उपस्थित हुए।
मुख्यमंत्री ने कुष्ठ आश्रम में रहने वाले भाई-बहनों के बीच बैठकर उन्हें अपने हाथों से भोजन परोसा। उनसे संवाद किया, उनकी समस्याएँ सुनीं और उन्हें परिवार के सदस्य की तरह स्नेह दिया। उन्होंने कहा— “रोग होना या न होना, यह हमारे हाथ में नहीं है, लेकिन जीवन कैसे जीना है, यह पूरी तरह हमारे हाथ में है। आज यहां इन भाई-बहनों का उत्साह, उनकी हिम्मत और जीवन के प्रति उनका जोश देखकर एक नया दृष्टिकोण उत्पन्न हुआ है।”
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस अवसर पर कहा— “कुष्ठ रोगियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना हमारा लक्ष्य है। आज महात्मा गांधी कुष्ठ आश्रम, भोपाल में कुष्ठ रोग से ग्रस्त भाई-बहनों को भोजन परोसकर एवं परिवारजन के रूप में उन्हीं के बीच अपना जन्मदिवस मनाकर हृदय को अत्यंत संतोष की अनुभूति हो रही है।” उन्होंने यह भी कहा कि आज जन्मदिन के अवसर पर भोपाल के गांधीनगर स्थित महात्मा गांधी कुष्ठ आश्रम में आने का अवसर मिला। यहां आत्मिक संतोष है और किसी भी परिस्थिति में एक-दूसरे के साथ खड़े होने की प्रेरणा मिलती है।
गौरतलब है की इंदौर के प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की लंबी उम्र और अच्छे शासन की कामना के लिए एक विशेष अनुष्ठान आयोजित किया गया। मंगलवार को भाजपा समर्थक मंदिर पहुंचे और सीएम की तस्वीर के साथ यज्ञ, हवन और पूजा की गई। इस अवसर पर भगवान गणेश का अभिषेक कर विशेष प्रार्थना की गई। समाजसेवी नानूराम कुमावत के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग इस धार्मिक आयोजन में शामिल हुए। विद्वान पंडितों की देखरेख में भगवान गणेश का अभिषेक किया गया और गणपति अथर्वशीर्ष का पाठ किया गया। 21 विद्वानों की उपस्थिति में इस अनुष्ठान का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुतियां अर्पित कीं।