चारधाम यात्रा का शुभारंभ: अक्षय तृतीया पर खुले गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट, श्रद्धालुओं में उमंग की लहर; CM पुष्कर सिंह धामी ने भी की गंगा-यमुना की आराधना

You are currently viewing चारधाम यात्रा का शुभारंभ: अक्षय तृतीया पर खुले गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट, श्रद्धालुओं में उमंग की लहर; CM पुष्कर सिंह धामी ने भी की गंगा-यमुना की आराधना

जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:

उत्तराखंड के चारधामों में से दो पवित्र धाम – गंगोत्री और यमुनोत्री के कपाट आज बुधवार को अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर श्रद्धालुओं के लिए विधिवत रूप से खोल दिए गए। इस शुभ अवसर के साथ ही करीब छह महीने तक चलने वाली चारधाम यात्रा की आधिकारिक शुरुआत हो गई है। देशभर से आए हजारों श्रद्धालु गंगा और यमुना मां के दर्शनों के लिए धामों में उमड़ पड़े। इस बार गंगोत्री धाम में जहां 1 हजार से अधिक श्रद्धालु उपस्थित रहे, वहीं यमुनोत्री धाम में 10 हजार से ज्यादा भक्तों ने मां यमुना के दर्शन किए।

सुबह मुखबा गांव से मां गंगा की उत्सव डोली विधिपूर्वक यात्रा करते हुए गंगोत्री धाम पहुंची। धाम में डोली के स्वागत में राजपूताना राइफल्स के बैंड की मधुर धुनें गूंज रही थीं। आरती और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना हुई। साथ ही, इस पवित्र घड़ी को और भव्य बनाने के लिए हेलिकॉप्टर से मंदिर परिसर पर पुष्पवर्षा भी की गई।

गंगोत्री के कपाट खुलने के बाद सुबह 11:55 बजे यमुनोत्री धाम के कपाट भी खोल दिए गए। इससे पहले सुबह 8:30 बजे मां यमुना की डोली खरसाली गांव से रवाना होकर धाम पहुंची, जहां पूजन और स्नान के बाद मंदिर के कपाट खोले गए। भक्तों ने मां यमुना के जयकारों से सम्पूर्ण धाम परिसर को गुंजायमान कर दिया।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी इस ऐतिहासिक अवसर पर गंगोत्री और यमुनोत्री धाम पहुंचे और पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के लिए सुख, समृद्धि और शांति की कामना की।

इस वर्ष चारधाम यात्रा को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन ने विशेष तैयारियां की हैं। यात्रा मार्ग पर 624 सीसीटीवी कैमरे, 15 सुपर जोन, 41 जोन, और 217 सेक्टरों में विभाजन कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। इसके अलावा 9 ASP और DSP स्तर के अधिकारियों को अलग-अलग स्थानों पर कैंपिंग के निर्देश दिए गए हैं। 10 अर्द्धसैनिक बलों की भी तैनाती की जा रही है ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता मिल सके।

अब श्रद्धालु अगली तैयारी 2 मई को केदारनाथ धाम और 4 मई को बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने की कर रहे हैं। इन पवित्र स्थलों के दर्शन के साथ ही चारधाम यात्रा पूरे धार्मिक उत्साह और आस्था के साथ गति पकड़ लेगी।

Leave a Reply