बुधनी-विजयपुर उपचुनाव: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे धुआंधार प्रचार

You are currently viewing बुधनी-विजयपुर उपचुनाव: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे धुआंधार प्रचार

जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:

मध्यप्रदेश की बुधनी और विजयपुर विधानसभा सीटों पर उपचुनाव 13 नवंबर को होने वाले हैं, जिसके चलते इन दोनों क्षेत्रों में चुनावी प्रचार तेज हो गया है। दरअसल, अब इन सीटों के उपचुनाव में केवल एक हफ्ता शेष है, जिससे प्रमुख पार्टियाँ अपनी पूरी ताकत झोंक रही हैं। वहीं, आज बुधनी और विजयपुर विधानसभा में भाजपा अपना चुनावी रंग ज़माने वाली है। आज मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधनी और विजयपुर में धुआंधार प्रचार करेंगे।

बता दें, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान सुबह विजयपुर में आमसभा और जनसंवाद करेंगे, जिसके बाद वे बुधनी के पिपलानी, छिदगांव काछी और रेहटी में चुनावी सभा करेंगे। वहीं, मुख्यमंत्री मोहन यादव बुधनी के पिपलानी और छिदगांव काछी में चुनावी सभा करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा विजयपुर में अलग-अलग संगठनों से संवाद और चुनावी चर्चा करेंगे।

वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने X वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा – “आज मैं अपने परिवार से मिलने विजयपुर और बुधनी जा रहा हूं। मध्यप्रदेश के विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आशीर्वाद निरंतर बरस रहा है। जनता सरकार के कार्यों से प्रसन्न है और भाजपा के साथ है।”

आपको बता दें कि बीजेपी दोनों सीटों पर विकास के एजेंडे के साथ चुनाव में उतरी है। बुधनी सीट पर बीजेपी का दबदबा कई वर्षों से कायम है और इसे पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की पारंपरिक सीट माना जाता है। कांग्रेस यहां कभी भी प्रभावी चुनौती नहीं दे पाई, जिससे यह सीट बीजेपी के लिए बहुत महत्वपूर्ण हो गई है। इस स्थिति में, बीजेपी शिवराज सिंह चौहान द्वारा किए गए विकास कार्यों को प्रचारित कर रही है। यहां उम्मीदवार भले ही रमाकांत भार्गव हैं, लेकिन वोट शिवराज के नाम पर ही मांगे जा रहे हैं।

Leave a Reply