अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर BJP चलाएगी प्रदेशव्यापी अभियान: भोपाल से होगी शुरुआत, 31 मई को प्रदेशव्यापी समापन समारोह के साथ पूर्ण होगा अभियान; सम्मेलन और विशेष कार्यक्रम होंगे आयोजित

You are currently viewing अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर BJP चलाएगी प्रदेशव्यापी अभियान: भोपाल से होगी शुरुआत, 31 मई को प्रदेशव्यापी समापन समारोह के साथ पूर्ण होगा अभियान; सम्मेलन और विशेष कार्यक्रम होंगे आयोजित

जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:

इंदौर की यशस्विनी रानी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती को यादगार बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने एक राज्यव्यापी अभियान की घोषणा की है, जो केवल श्रद्धांजलि नहीं बल्कि उनके सुशासन, सामाजिक सुधार और सांस्कृतिक पुनर्जागरण की विरासत को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम होगा। यह अभियान 21 से 31 मई 2025 तक चलेगा और इसका समापन 31 मई को प्रदेशव्यापी आयोजन के साथ होगा। इस पूरी श्रृंखला के माध्यम से BJP, अहिल्याबाई के जीवन मूल्यों के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की “विकास भी, विरासत भी” की नीति को लोगों के सामने रखेगी।

अभियान की शुरुआत 14 मई को भोपाल में एक बड़ी कार्यशाला से होगी, जिसमें BJP प्रदेश अध्यक्ष, संगठन महामंत्री, विधायक, जिला अध्यक्ष और प्रदेश पदाधिकारी भाग लेंगे। यहां से अभियान की रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके बाद 16 से 18 मई तक जिला स्तरीय बैठकें और योजना तैयार की जाएगी। पूरे अभियान के संचालन के लिए प्रदेश और जिला स्तर पर समितियों का गठन किया जाएगा, जिसमें महिला मोर्चा की भागीदारी विशेष रूप से सुनिश्चित की गई है।

अभियान के तहत आयोजित किए जाने वाले प्रमुख कार्यक्रमों में – शैक्षणिक संस्थानों में निबंध लेखन, भाषण, प्रश्नोत्तरी जैसी प्रतियोगिताएं, महिला प्रतिनिधियों के नेतृत्व में वॉकेथॉन और महिला सम्मेलन, युवाओं के लिए सेमिनार और संवाद सत्र, नगरीय निकायों व NGO के सहयोग से जनजागरण अभियान, और अहिल्याबाई के जीवन पर आधारित नाटकों का मंचन शामिल होगा।

अहिल्याबाई की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने के लिए भव्य शोभायात्राएं निकाली जाएंगी, जिनमें उनके मंदिर निर्माण कार्यों, सामाजिक सुधारों और आध्यात्मिक सेवाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही, मंदिरों और घाटों पर साफ-सफाई अभियान, आरती व पूजा, और अहिल्याबाई से जुड़े स्थलों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा महेश्वरी साड़ी की प्रदर्शनी और हथकरघा हाट के माध्यम से उनके द्वारा प्रोत्साहित किए गए स्वदेशी वस्त्र उद्योग को भी सामने लाया जाएगा। वहीं, इस अभियान में बुद्धिजीवियों, पत्रकारों और समाज के प्रबुद्ध वर्ग से संवाद किया जाएगा ताकि अहिल्याबाई के विचारों को समकालीन संदर्भ में जोड़कर प्रस्तुत किया जा सके।

बता दें,  इस अभियान का उद्देश्य स्पष्ट है—महारानी अहिल्याबाई होल्कर के प्रेरणादायक जीवन, सामाजिक न्याय, दूरदर्शी प्रशासन, धार्मिक-सांस्कृतिक सेवा और मंदिरों के संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना। इसके साथ ही BJP केंद्र और मध्यप्रदेश सरकार के समावेशी सुशासन, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक कल्याण और पारंपरिक हस्तशिल्प के संरक्षण की योजनाओं को भी रेखांकित करेगी।

Leave a Reply