BJP सदस्यता अभियान 2024: CM यादव मंत्रियों के साथ कराएंगे भाजपा की सदस्यता रिन्यू, एमपी में डेढ़ करोड़ नए लोगों को जोड़ने का टारगेट

You are currently viewing BJP सदस्यता अभियान 2024: CM यादव मंत्रियों के साथ कराएंगे भाजपा की सदस्यता रिन्यू, एमपी में डेढ़ करोड़ नए लोगों को जोड़ने का टारगेट

जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:

भारतीय जनता पार्टी ने 2 सितंबर सोमवार को ‘संगठन पर्व, सदस्यता अभियान 2024’ लॉन्च किया। इस मौके पर सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी की सदस्यता ली। इसके बाद भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह समेत भाजपा के बड़े नेताओं ने फिर से पार्टी की सदस्यता ली।

वहीं, मध्यप्रदेश में बीजेपी का सदस्यता अभियान मंगलवार से शुरू हो जाएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दोपहर 2 बजे प्रदेश भाजपा कार्यालय में मंत्रियों के साथ भाजपा की सदस्यता रिन्यू कराएंगे। मुख्यमंत्री को बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा सदस्यता दिलाएंगे। इस दौरान बीजेपी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा और प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह मौजूद रहेंगे।

वहीं, 25 सितंबर तक सदस्यता अभियान के पहले चरण में बीजेपी देश भर में 10 करोड़ नए लोगों को सदस्य बनाएगी। वहीं, एमपी में डेढ़ करोड़ नए लोगों को सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है। इस दौरान शिक्षक दिवस पर निजी शिक्षकों को सदस्यता दिलाने के लिए बीजेपी ने शिक्षक प्रकोष्ठ को दिशा-निर्देश भी दिए हैं।

इससे पहले 2 सितंबर को भोपाल में बीजेपी कार्यालय में ‘संगठन पर्व, सदस्यता अभियान 2024’ का सीधा प्रसारण किया गया। इस दौरान सीएम यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश पार्टी के संगठन महासचिव हितानंद शर्मा, कैबिनेट मंत्री, विधायक और पदाधिकारी मौजूद थे।

CM यादव ने अपने X पर पोस्ट कर लिखा – ‘अंत्योदय के पथ पर चलकर विकसित भारत के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संकल्पित है… आज भोपाल स्थित भारतीय जनता पार्टी, प्रदेश कार्यालय में गणमान्य साथियों के साथ दिल्ली में आयोजित भाजपा राष्ट्रीय सदस्यता अभियान-2024 कार्यक्रम का श्रवण कर आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा जी एवं वरिष्ठ पदाधिकारियों का मार्गदर्शन प्राप्त किया। हम सभी कार्यकर्ता आदरणीय प्रधानमंत्री जी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को पूरी ऊर्जा और प्रतिबद्धता के साथ आत्मसात करेंगे।”

वहीं, पीएम मोदी के सदस्यता को लाइव देखने के बाद बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वी डी शर्मा ने पत्रकारों से बात की। उन्होंने कहा कि आज से देश में संगठन पर्व शुरू हो रहा है। हम सब भाग्यशाली हैं कि 2 सितंबर को शाम 5 बजे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पीएम मोदी को पहला सदस्य बनाया। देश भर में लाखों लोग भाजपा के सदस्य बनेंगे।

यहाँ रहेगा बीजेपी का खास फोकस:

बीजेपी सदस्यता अभियान में उन बूथों पर खासा फोकस करेगी, जहां पिछले तीन-चार चुनावों से लगातार बीजेपी को हार का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस जिन बूथों पर मजबूत है, उन बूथों पर बीजेपी सदस्यता अभियान को टारगेट बनाकर नए लोगों को जोड़ेगी।

 

Leave a Reply