जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:
सदस्यता अभियान 2024 के तहत मध्यप्रदेश में भाजपा की सदस्यता का आंकड़ा एक करोड़ के पार हो गया है। जिसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समेत प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने प्रदेश के लाखों कार्यकर्ताओं को दिल से धन्यवाद दिया और उनका हृदय से अभिनंदन किया।
इस दौरान भोपाल में प्रदेश भाजपा कार्यालय में मीडिया से चर्चा में वीडी शर्मा ने कहा- मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सिर्फ 24 दिन के अंदर प्रमाणिक एवं पारदर्शी तरीके से 1 करोड़ सदस्य बनाकर नया रिकॉर्ड कायम किया है। लोकतंत्र में किसी राजनीतिक दल के इतने कम समय में रिकॉर्ड बनाना अभूतपूर्व है।
वीडी शर्मा ने कहा कि इस सदस्यता अभियान की समीक्षा बैठक 28 सितंबर को होगी। सदस्यता अभियान का दूसरा फेज 1 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक चलेगा, इसके लिए इस समीक्षा बैठक में चर्चा होगी। उन्होंने बताया कि 29 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मन की बात कार्यक्रम सुनते हुए सदस्यता अभियान चलाकर भी सदस्य बनाए जाएंगे।
बता दें, इस सदस्यता अभियान के दौरान मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा समेत कई बड़े नेताओं ने खुद आगे बढ़कर लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाई।
वहीं, CM मोहन यादव ने अपने X पर लिखा, “भाजपामय मध्यप्रदेश! भारतीय जनता पार्टी के प्रति विश्वास और माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व का परिणाम है कि मध्यप्रदेश में सदस्यता अभियान 2024 के तहत सिर्फ 22 दिनों में भाजपा की सदस्यता का आंकड़ा एक करोड़ को पार करने में सफल रहा है। सभी समर्पित कार्यकर्ताओं का हार्दिक अभिनंदन।”