जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:
11 केंद्रीय विद्यालयों के बाद, केंद्र सरकार ने मध्यप्रदेश को एक और महत्वपूर्ण उपहार प्रदान किया है। जानकारी के अनुसार, केंद्र सरकार ने मध्य प्रदेश को महाराष्ट्र से जोड़ने वाले नेशनल हाईवे-752G के लिए 615.61 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। महाराष्ट्र सीमा पर निर्मित होने वाली यह सड़क आगरा-मुंबई हाईवे को जोड़ने का कार्य करेगी। इससे राज्य के प्रमुख शहरों इंदौर, ग्वालियर और अन्य क्षेत्रों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित होगी।
बता दें, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने यह परियोजना मंजूर करते हुए कहा कि इससे अंतर-राज्यीय संपर्क को मजबूती मिलेगी। इस योजना के तहत सेंधवा (मध्यप्रदेश) और खेतिया (महाराष्ट्र सीमा) के बीच 2-लेन सड़क का निर्माण किया जाएगा। वहीं, सड़क निर्माण से व्यापारिक गतिविधियां तेज होंगी, साथ ही यात्रियों को सुगम यात्रा का अनुभव मिलेगा। मध्यप्रदेश में इस महत्वाकांक्षी परियोजना का लाभ स्थानीय निवासियों और व्यावसायिक क्षेत्रों को व्यापक स्तर पर मिलेगा।