भोपाल में पानी पर देशभक्ति का नजारा, बड़े तालाब में नावों पर निकली अनोखी नौका तिरंगा यात्रा; मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग और कृष्णा गौर ने यात्रा में की शिरकत!

You are currently viewing भोपाल में पानी पर देशभक्ति का नजारा, बड़े तालाब में नावों पर निकली अनोखी नौका तिरंगा यात्रा; मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग और कृष्णा गौर ने यात्रा में की शिरकत!

जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:

भोपाल में हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत एक अनोखी और भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया, जो बड़े तालाब के बीच पानी में नावों पर आयोजित हुई। इस नौका तिरंगा यात्रा में 50 से अधिक नावों पर जनप्रतिनिधि, सामाजिक हस्तियां और वॉटर स्पोर्ट्स खिलाड़ी शामिल हुए और देशभक्ति की लहरों के बीच राष्ट्रीय ध्वज को गर्व से लहराया। सुबह से ही बोट क्लब पर बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे, जिन्होंने इस ऐतिहासिक और प्रेरणादायक आयोजन का हिस्सा बनने के लिए उत्साह दिखाया।

मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस यात्रा में शामिल हुए। उनके साथ कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर, वॉटर स्पोर्ट्स खिलाड़ी, विद्यार्थी और राजधानीवासी भी उपस्थित रहे। यात्रा के दौरान कैनोइंग, कयाकिंग और अन्य वॉटर स्पोर्ट्स एक्टिविटीज़ का प्रदर्शन भी किया गया, जिससे कार्यक्रम का मनोरंजन और उत्साह दोनों बढ़ गए। मुख्यमंत्री ने सभी उपस्थित लोगों का उत्साहवर्धन करते हुए राष्ट्रभक्ति और स्वच्छता के संदेश को दोहराया।

सीएम हाउस परिसर में भी तिरंगा यात्रा का आयोजन हुआ। मुख्यमंत्री सचिवालय और मुख्यमंत्री निवास के सभी अधिकारी, कर्मचारी, सुरक्षाकर्मी और सीएम हाउस के स्टाफ, जिसमें दीदी कैफे की दीदियां भी शामिल थीं, ने अपने हाथों में तिरंगा थामकर इस यात्रा में भाग लिया। इस दौरान देशभक्ति के गीत और राष्ट्रगान की धुनें वातावरण को भक्तिमय और प्रेरणादायक बना रही थीं।

इसी प्रकार, भोपाल के कोलार रोड स्थित मदर टेरेसा स्कूल से संत हिरदाराम नगर बैरागढ़ तक तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस यात्रा का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा किया गया। यात्रा का आयोजन कर्मश्री संस्था के संयोजक और हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा द्वारा किया गया। यात्रा में शामिल बड़ी संख्या में लोग हाथों में तिरंगा थामे हुए उपस्थित थे। मार्ग में एक एम्बुलेंस के गुजरने पर प्रतिभागियों ने मार्ग साफ कर इसे सम्मानपूर्वक रास्ता दिया, जिससे आयोजन की अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना झलक रही थी।

नर्मदापुरम जिले में भी स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर स्कूलों ने तिरंगा यात्रा का आयोजन किया। इटारसी के सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल के छात्रों ने बैंड की धुन पर वंदे मातरम और भारत माता की जय के उद्घोष करते हुए अपनी यात्रा शुरू की।

Leave a Reply