जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को मंत्रालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी 1 नवंबर को मनाए जाने वाले मध्यप्रदेश स्थापना दिवस की तैयारियों का जायज़ा लिया। बैठक में राजधानी से लेकर जिलों तक प्रस्तावित कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई और सभी स्तरों पर नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
राजधानी में राज्य स्तरीय कार्यक्रम, सम्राट विक्रमादित्य पर महानाट्य होगा मुख्य आकर्षण
स्थापना दिवस के राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन भोपाल के लाल परेड मैदान में किया जाएगा। यहां सम्राट विक्रमादित्य के जीवन, शौर्य और जनकल्याणकारी दृष्टिकोण को केंद्र में रखकर भव्य महानाट्य का मंचन होगा। दक्ष कलाकार इस प्रस्तुति के माध्यम से लोगों को विक्रमादित्य की गौरवशाली परंपरा से परिचित कराएंगे। उल्लेखनीय है कि इस महानाट्य का सफल मंचन हाल ही में नई दिल्ली में भी किया गया था, जहां इसे व्यापक सराहना मिली थी।
संगीत, ड्रोन-शो और युवा भागीदारी पर फोकस
राजधानी में होने वाले समारोह में महानाट्य के अलावा सुगम संगीत कार्यक्रम और आकर्षक ड्रोन-शो भी आयोजित होगा। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग ने इसके लिए तैयारी शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री ने बैठक में निर्देश दिए कि अधिक से अधिक युवाओं को इन आयोजनों से जोड़ा जाए, ताकि स्थापना दिवस उत्सव का स्वरूप और भी जीवंत हो सके।
जिले भी होंगे उत्सव का हिस्सा
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि स्थापना दिवस केवल राजधानी तक सीमित न रहे, बल्कि इसे जिला स्तर पर भी गरिमामय तरीके से मनाया जाए। जिला मुख्यालयों में प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन होगा। साथ ही उत्कृष्ट कार्यों और उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी।
नारी सशक्तिकरण और जनभागीदारी पर जोर
बैठक में यह तय किया गया कि स्व-सहायता समूह की बहनों को भी समारोह में आमंत्रित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अवसर केवल सरकारी आयोजन न होकर जनभागीदारी का उत्सव बने। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा और सेवा क्षेत्र में विशेष गतिविधियां आयोजित करने और स्कूल-कॉलेज स्तर पर क्विज़ व अन्य प्रतियोगिताएं कराने के निर्देश दिए।
उपलब्धियों की झलक दिखेगी प्रदर्शनी में
सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं और हाल के वर्षों में हासिल उपलब्धियों को आम नागरिकों तक पहुँचाने के लिए विशेष प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि विज्ञान और प्रौद्योगिकी, नवकरणीय ऊर्जा, सुशासन और नवाचार जैसे क्षेत्रों में प्रदेश ने बड़ी उपलब्धियां अर्जित की हैं। इन सभी की जानकारी जनता तक पहुँचे, यह स्थापना दिवस का एक अहम उद्देश्य होना चाहिए।
रोशनी से नहाएगा पूरा प्रदेश
बैठक में यह भी तय हुआ कि स्थापना दिवस के अवसर पर सभी शासकीय भवनों पर आकर्षक प्रकाश सज्जा की जाएगी। इससे पूरे प्रदेश में उत्सव का माहौल और भी खास बनेगा।
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी
इस अहम बैठक में मुख्य सचिव अनुराग जैन, पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना, मुख्यमंत्री कार्यालय में अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई, पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव शिव शेखर शुक्ला, जनसंपर्क आयुक्त डॉ. सुदाम खाड़े सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।