BJP के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की उलटी गिनती शुरू: दिल्ली में PM मोदी के घर हुई मीटिंगों से बढ़ी महाचाल, जल्द होगा बड़ा ऐलान!

You are currently viewing BJP के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की उलटी गिनती शुरू: दिल्ली में PM मोदी के घर हुई मीटिंगों से बढ़ी महाचाल, जल्द होगा बड़ा ऐलान!

जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:

भारतीय जनता पार्टी में एक बड़े बदलाव की बयार बह रही है। पीएम नरेंद्र मोदी ने बुधवार को अपने निवास पर एक अहम बैठक बुलाई, जिसमें नए राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर गहन चर्चा हुई। सूत्रों की मानें तो आगामी एक सप्ताह के भीतर भाजपा अध्यक्ष के चुनाव की घोषणा हो सकती है, जो ना सिर्फ संगठन की दिशा तय करेगा, बल्कि 2029 के लोकसभा चुनाव की रणनीति का भी प्रमुख आधार बनेगा।

बैठक में उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल और कर्नाटक जैसे राज्यों के प्रादेशिक अध्यक्षों के नामों पर भी मंथन हुआ। सूत्रों के मुताबिक, 20 अप्रैल के बाद कभी भी भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा हो सकती है। इससे पहले कुछ राज्यों जैसे उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल के पार्टी अध्यक्षों के नाम फाइनल किए जाएंगे। अगले दो से तीन दिनों में आधा दर्जन राज्यों में संगठनात्मक बदलाव के ऐलान की संभावना है, जो नई केंद्रीय टीम का संकेत माना जा रहा है।

यह निर्णय ऐसे समय पर लिया जा रहा है, जब पार्टी के भीतर और बाहर दोनों स्तर पर सत्ता और संगठन को लेकर बड़े सवाल उठ रहे हैं। जेपी नड्डा का कार्यकाल जनवरी 2023 में समाप्त हो चुका है, लेकिन कई महत्वपूर्ण चुनावों के कारण उन्हें कार्यकाल विस्तार दिया गया। अब जबकि लोकसभा चुनाव की सुगबुगाहट 2026 से ही शुरू हो जाएगी, पार्टी नेतृत्व को नया चेहरा देना भाजपा के लिए ज़रूरी हो गया है।

बता दें, भाजपा के नए अध्यक्ष पद के लिए 8 प्रमुख दावेदारों के नाम सामने आए हैं, जिनमें सबसे बड़ा नाम शिवराज सिंह चौहान का है। चार बार के मुख्यमंत्री और लाडली बहना योजना के जनक शिवराज के पास न केवल संगठन का अनुभव है, बल्कि वो OBC कार्ड भी मजबूत करते हैं — जो भाजपा के सामाजिक समीकरणों में अहम भूमिका निभाता है।

अन्य दावेदारों में सुनील बंसल (UP के रणनीतिकार), धर्मेन्द्र प्रधान (शिक्षा मंत्री), रघुवर दास (झारखंड के स्थिर प्रशासक), स्मृति ईरानी (प्रभावशाली महिला चेहरा), वानति श्रीनिवासन और तमिलिसाई सौंदर्यराजन (दक्षिण में संगठन विस्तार की उम्मीद), और डी. पुरंदेश्वरी (तेलुगु राज्यों में जनाधार मजबूत करने वाली) शामिल हैं।

वहीं, भाजपा का नया अध्यक्ष 2025 से 2028 तक के कार्यकाल में 12 बड़े राज्यों के विधानसभा चुनावों और 2029 के आम चुनाव की अगुआई करेगा। ऐसे में यह महज़ पद नहीं, बल्कि एक राजनीतिक अग्निपरीक्षा है — जिस पर पार्टी की साख और भविष्य दोनों निर्भर करेगा।

Leave a Reply