जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:
मध्य प्रदेश में रविवार, 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद जयंती और राष्ट्रीय युवा दिवस बहुत धूमधाम से मनाया गया। इस खास मौके पर सभी स्कूलों और कॉलेजों में सूर्य नमस्कार का आयोजन किया गया। इस आयोजन में प्रदेशभर के छात्र-छात्राओं ने योग किया और अपने स्वास्थ्य को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
इस खास मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय में “राज्य स्तरीय सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम” में विद्यार्थियों के साथ सूर्य नमस्कार कर स्वस्थ युवा, स्वस्थ भारत के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने भोपाल में दुनिया की सबसे बड़ी 3D रंगोली का शुभारंभ किया, साथ ही ‘युवा शक्ति मिशन’ का भी शुभारंभ किया, जो मध्य प्रदेश के युवाओं को समृद्ध और सामर्थ्यवान बनाने के उद्देश्य से शुरू किया जाएगा। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राकेश शुक्ला, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर, विधायक रामेश्वर शर्मा जी, भगवान दास सबनानी, महापौर मालती राय उपस्थित रहे।
स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने नरसिंहपुर के सीएम राइज स्कूल में सूर्य नमस्कार किया। सभी शिक्षण संस्थाओं में आकाशवाणी से राष्ट्रगीत वंदे-मातरम, स्वामी विवेकानंद का रिकार्डेड ऑडियो और मुख्यमंत्री यादव के संदेश का प्रसारण किया गया, ताकि युवाओं में देशभक्ति और आत्मविश्वास का संचार हो सके।
सीएम ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी के भारतीय संस्कृति पर गर्व करने के विचार हम सभी के लिए आज भी प्रासंगिक हैं। स्वस्थ शरीर और बौद्धिक बल ही युवाओं की असली पूंजी है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि मध्य प्रदेश की युवा शक्ति अपने सामर्थ्य और बौद्धिक क्षमता के साथ विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में सहभागी बनेगी। उन्होंने आगे कहा कि स्वामी विवेकानंद ने राष्ट्रभक्ति और युवा शक्ति को सर्वोपरि माना। उनके द्वारा दिया गया संदेश ‘उठो जागो, तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न कर लो’ आज भी हमारे लिए मार्गदर्शन का काम करता है।
प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम यादव ने कहा, ‘भारत हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रहा है और सरकार हर वर्ष सूर्य नमस्कार का आयोजन करती है। आज मध्य प्रदेश सरकार युवा शक्ति मिशन लॉन्च कर रही है, जिसके जरिए हमने प्रदेश के युवाओं को शिक्षित करने का संकल्प लिया है। हमारी योजना है कि 10वीं और 12वीं कक्षा में प्रदेश का युवा शत-प्रतिशत उत्तीर्ण होकर शिक्षित बने। उन्होंने आगे कहा, ‘हमने यह लक्ष्य तय किया है कि 2028 तक मध्य प्रदेश के 70% से ज्यादा युवा स्वरोजगार प्राप्त करेंगे।